धनबाद में थाईलैंड से आए बादलों के कारण मौसम ने करवट ली है, जिससे तेज गर्जन के साथ बारिश हो रही है। बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर बनने से 22 सितंबर तक आंधी-बारिश जारी रहने का अनुमान है, जिसके लिए अलर्ट जारी किया गया है।
धनबाद।। दोपहर तक तीखी धूप और उमस भरी गर्मी के बाद मौसम ने एकाएक रंग बदल लिया। तेज गर्जन के साथ झमाझम बारिश हुई। गर्जन के साथ आंधी-बारिश का दौर अगले कई दिनों तक जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, थाईलैंड के उत्तरी भाग में चक्रवाती घेरा बन गया है। उसके बादलों की आवाजाही से गरज के साथ बारिश हो रही है। इसके प्रभाव से अगले तीन दिनों में लो प्रेशर जन्म ले सकता है।
लो प्रेशर के और शक्तिशाली बन कर ओडिशा और आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ने के आसार हैं। इससे धनबाद समेत राज्य के ज्यादातर हिस्से में आंधी-बारिश की संभावना है।
गर्जन-बारिश का कल तक आरेंज अलर्ट, दो डिग्री लुढ़केगा पारा
मेघ गर्जन के साथ आंधी-बारिश को लेकर 18 सितंबर तक आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। उसके बाद 21 सितंबर तक के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश की गतिविधि बढ़ने से तापमान में भी गिरावट आ सकती है। 34 डिग्री पर पहुंचा अधिकतम तापमान खिसक कर 32 डिग्री पर पहुंच सकता है।



