झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 का आयोजन तीनपहाड़ उच्च विद्यालय में पहली बार हुआ. परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, मोबाइल पर प्रतिबंध.
तीनपहाड़. झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 का आयोजन रविवार को किया गया. इस बार पहली बार तीनपहाड़ उच्च विद्यालय को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है. परीक्षा को लेकर अहले सुबह से ही हाईस्कूल के समीप अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी थी. पहली पाली में कक्षा छह से आठ तक के अभ्यर्थियों की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित थी. परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई. निर्धारित समय सुबह नौ बजे मुख्य द्वार बंद कर दिया गया.
अधिकारियों ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा.
परीक्षा केंद्र की व्यवस्था का निरीक्षण करने राजमहल के अंचलाधिकारी मो. यूसुफ पहुंचे. वहीं, तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे. पुलिस की निगरानी में अभ्यर्थियों की जांच और प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कराई गई. परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया.
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध.

परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया था. इसके अलावा बैग, पर्स, किताबें और नोट्स भी परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं थी.
एडमिट कार्ड और पहचान पत्र रखना अनिवार्य.
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड का स्पष्ट प्रिंटआउट, मूल फोटो पहचान पत्र और पारदर्शी बॉडी वाला बॉलपॉइंट पेन साथ रखना अनिवार्य किया गया था. निर्धारित समय सुबह नौ बजे परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया. इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई.



