साहिबगंज, संवाददाता। शहर के चौक बाजार निवासी युवा शिवम शर्मा की पहल के बाद रेलवे अधिकारियों ने नॉर्थ कॉलोनी स्थित रेलवे स्कूल के पीछे पीर मजार गली में लंबे समय से जलजमाव एवं गंदगी की समस्या का समाधान करते हुए नाली की साफ-सफाई कराई। इसके बाद रास्ते पर डस्ट बिछाकर उसे आवागमन के लायक बनाया गया।
जानकारी के अनुसार पीर मजार गली में पिछले कई महीनों से नाली का पानी सड़क पर जमा रहने के साथ कूड़ा-कचरा पसरा हुआ था। इससे स्थानीय लोगों के साथ रेलवे कर्मियों को भी आवागमन में परेशानी हो रही थी। समस्या को देखते हुए शिवम शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से मालदा डीआरएम को इसकी जानकारी देते हुए साफ-सफाई कराने की मांग की।
डीआरएम कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से बताया गया कि उक्त रास्ता अनधिकृत है तथा नाली का पानी नगर परिषद के नाले में जाकर जमा होता है। इसके बाद शिवम शर्मा ने पुनः रेल मंत्री, रेलवे जीएम, उपायुक्त एवं पूर्व विधायक को टैग करते हुए समस्या की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि रास्ता अधिकृत है या अनधिकृत, इससे अलग इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों रेलवे कर्मियों समेत बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। नाली का पानी और कूड़ा जमा रहने से बीमारी फैलने की आशंका के साथ लोगों को आवागमन में भी परेशानी हो रही है।

मामले के बाद रेलवे अधिकारी सक्रिय हुए और नाली की सफाई कराई। साथ ही रास्ते पर डस्ट बिछाकर उसे चलने योग्य बनाया गया। रेलवे की ओर से बताया गया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द ही इंटर-डिपार्टमेंटल बैठक आयोजित कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
स्थानीय लोगों ने समस्या को लेकर आवाज उठाने और समाधान के लिए पहल करने पर शिवम शर्मा की सराहना की।



