बोरियो। बोरियो प्रखंड के आरके प्लस टू उच्च विद्यालय में मंगलवार को शिक्षकों की मासिक गुरु गोष्ठी आयोजित की गई। अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी तरुण कुमार घाटी ने की। बैठक में मध्याह्न भोजन का सुचारू संचालन, विद्यालयों में पठन-पाठन की स्थिति, यू-डायस प्लस 2026-27 की डाटा प्रविष्टि, प्रोजेक्ट रेल, एफएलएन तथा छात्र-शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। सभी प्रधानाध्यापकों को सावित्रीबाई फुले योजना का डाटा अपलोड करने, एसएमसी पुनर्गठन, प्रयास कार्यक्रम और साइकिल वितरण की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया। बीईईओ ने कहा कि यू-डायस की प्रविष्टि समय पर पूरी करें और एमडीएम में निर्धारित मेनू का अनिवार्य रूप से पालन करें। पठन-पाठन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। प्रोजेक्ट रेल के तहत कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। मौके पर बीआरपी माखन लाल यादव, सीआरपी अनुज कुमार, सुल्तान आलम, फैजल अफरोज सहित प्रधानाध्यापक व शिक्षक मौजूद थे।



