राजमहल अनुमंडल कार्यालय परिसर में प्रदर्शन, मांगें पूरी नहीं होने पर राजभवन घेराव और अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
राजमहल। संवाददाता। राजमहल अनुमंडल कार्यालय परिसर में मंगलवार को ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर फाउंडेशन के बैनर तले राशन डीलरों ने एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व डीलर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष जाकिर हुसैन ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में राशन डीलर मौजूद रहे और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।
सात माह से कमीशन नहीं मिलने का आरोप:
जिला अध्यक्ष जाकिर हुसैन ने कहा कि राशन डीलर समय पर लाभुकों के बीच खाद्यान्न का वितरण कर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, लेकिन पिछले सात माह से उन्हें कमीशन का भुगतान नहीं किया गया है। इससे डीलरों के सामने परिवार के भरण-पोषण के साथ बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का खर्च उठाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने सरकार से बकाया कमीशन का जल्द भुगतान करने की मांग की।
मांगें नहीं मानी तो आंदोलन होगा तेज:
डीलरों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित पहल नहीं हुई है। इसी के विरोध में एकदिवसीय धरना दिया गया है। डीलरों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो राज्यभर के राशन डीलर चरणबद्ध आंदोलन करेंगे।
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर सभी डीलर राजभवन का घेराव करेंगे। इसके बाद भी सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो डीलर एसोसिएशन की ओर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। डीलरों ने सरकार से तत्काल उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए बकाया कमीशन का भुगतान करने की मांग की।



