प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिल कुमार को राजमहल से झारखंड उच्च न्यायालय में पदोन्नति मिली है. अधिवक्ताओं ने सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी. इस दौरान उनके कार्यकाल को याद करते हुए शुभकामनाएं व्यक्त की गईं.
राजमहल. अधिवक्ता संघ के लाइब्रेरी हॉल में सोमवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, साहिबगंज अखिल कुमार के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया. झारखंड उच्च न्यायालय, रांची में उनकी पदोन्नति होने पर संघ के अधिवक्ताओं ने उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
24 सितंबर का प्रस्तावित कैंप नहीं होगा
बताया गया कि जिला जज के पदस्थापन को लेकर उच्च न्यायालय से पत्र निर्गत हो चुका है. इसी कारण 24 सितंबर को राजमहल शिविर न्यायालय में प्रस्तावित कैंप आयोजित होना संभव नहीं है. जिला जज द्वारा 21 सितंबर को राजमहल अधिवक्ता संघ के सदस्यों से मुलाकात किए जाने की सूचना के बाद संघ की ओर से विदाई समारोह आयोजित किया गया.
न्यायिक पदाधिकारी रहे मौजूद
समारोह में राजमहल व्यवहार न्यायालय के एडीजे प्रथम वैशाली श्रीवास्तव, एडीजे तृतीय पूर्णेंदु शरण, एडिशनल फैमिली कोर्ट के संजय सिंह, एसीजेएम कमला कुमारी, एसडीजेएम सह विधिक सेवा समिति के सचिव हुसामुद्दीन वारिस, सब जज द्वितीय रंजय कुमार, जेएम प्रथम मानसी सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे.
कार्यकाल को याद कर दी बधाई
मौके पर राजमहल अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मणिलाल मंडल और सचिव निरंजन सरकार समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने जिला जज अखिल कुमार का स्वागत किया. अधिवक्ताओं ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए पदोन्नति पर बधाई दी तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं. समारोह के दौरान न्यायिक पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं के बीच आत्मीय माहौल रहा.



