पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प, आम, कटहल, नारियल व आंवला के पौधे बांटे
साहिबगंज। संवाददाता। गंगा मिशन कोलकाता-साहिबगंज की ओर से पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फलदार पौधों के वितरण का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को स्थानीय सागरमल पथ स्थित टेक्नो कन्वेंशन पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं के बीच विभिन्न फलदार पौधों का वितरण किया गया।
बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश :
पौधों का वितरण स्थानीय भरतिया रोड स्थित बाबूलाल नंदलाल बोहरा ट्रस्ट परिसर में किया गया। इस दौरान बच्चों को आम, कटहल, नारियल और आंवला के पौधे दिए गए। कार्यक्रम में शामिल अतिथियों ने बच्चों को पौधों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
मौके पर सेंट्रल बैंक के मैनेजर सुधांशु शर्मा, जिओ साहिबगंज के प्रतिनिधि विनीत ठाकुर, टेक्नो पब्लिक स्कूल के निदेशक कालिदास पाठक, आलोक भरतिया, रतन अग्रवाल, अशोक सर्राफ सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी बच्चों को पर्यावरण की रक्षा और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प भी दिलाया गया। आयोजकों ने कहा कि बच्चों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा सकता है।



