कृषि बीमा कंपनी की पहली बोर्ड बैठक में साहिबगंज के किसानों की समस्याओं को उठाया, जल्द समाधान का मिला भरोसा
साहिबगंज। संवाददाता। केंद्रीय कृषि बीमा कंपनी के निदेशक मंडल में नियुक्ति के बाद भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणेश प्रसाद तिवारी सोमवार को दिल्ली में आयोजित कंपनी की पहली बोर्ड बैठक में शामिल हुए। बैठक में उन्होंने अध्यक्ष का बुके देकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने साहिबगंज समेत झारखंड के किसानों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को बोर्ड के समक्ष रखा।
बीमा व्यवस्था को सरल और प्रभावी बनाने पर जोर:
गणेश तिवारी ने कहा कि साहिबगंज जिले में बड़ी संख्या में किसानों की भूमि अभी भी असर्वेक्षित है। इसके कारण ऐसे भूमि धारकों को कृषि बीमा योजना का लाभ लेने में परेशानी हो रही है। उन्होंने बोर्ड के समक्ष मांग रखी कि असर्वेक्षित भूमि पर खेती करने वाले किसानों को भी बीमा योजना का लाभ देने के लिए स्पष्ट और प्रभावी नीति बनाई जाए।
उन्होंने कहा कि पूर्व में बीमा का लाभ दिए जाने के बाद अब सर्वे से संबंधित दस्तावेजों की तलाश की जा रही है, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानी हो रही है। उन्होंने लंबित मामलों का जल्द निपटारा कर पात्र किसानों को बीमा का लाभ उपलब्ध कराने की मांग की।
बोर्ड बैठक में कंपनी की कार्यप्रणाली, नीतियों और किसानों के हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। गणेश तिवारी ने कहा कि कृषि बीमा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाकर किसानों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों के हितों की रक्षा और ग्रामीण क्षेत्र के विकास में हरसंभव योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई।



