शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के CSR सहयोग से आई केयर सेंटर को मिले आधुनिक उपकरण, डीसी ने किया शुभारंभ
साहिबगंज। संवाददाता। सदर अस्पताल में नेत्र रोगियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है। मंगलवार को कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से नेत्र जांच एवं ऑपरेशन के लिए उपलब्ध कराए गए अत्याधुनिक उपकरणों के साथ आई केयर सेंटर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने किया। परियोजना का क्रियान्वयन कनेक्ट ग्लोबल फाउंडेशन की ओर से किया गया है।

नेत्र जांच और ऑपरेशन की सुविधा होगी मजबूत
इस परियोजना के तहत सदर अस्पताल के नेत्र विभाग को कई महत्वपूर्ण उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें स्कैन बायोमीटर, नॉन-कॉन्टैक्ट टोनोमीटर, ऑप्टिकल कोहेरेंस टोमोग्राफी (OCT), 20 डी लेंस के साथ इनडायरेक्ट ऑप्थैल्मोस्कोप, Volk 90D व 78D लेंस, मोतियाबिंद सेट, गोनियोस्कोप, ऑप्थैल्मिक ऑपरेटिंग टेबल, ऑटोमेटेड पेरीमेट्री मशीन और डायरेक्ट ऑप्थैल्मोस्कोप सहित अन्य उपकरण शामिल हैं। इन आधुनिक उपकरणों के उपलब्ध होने से आंखों की विभिन्न बीमारियों की जांच, सही निदान और सर्जरी की सुविधा में विस्तार होगा। विशेष रूप से ग्लूकोमा, मोतियाबिंद और डायबिटीज से संबंधित नेत्र रोगों के उपचार में मरीजों को इसका लाभ मिलेगा।

गरीब और जरूरतमंद मरीजों को मिलेगा लाभ
उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि सदर अस्पताल में आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता जिले के लोगों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा है। इससे नेत्र उपचार के लिए मरीजों को बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी और स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि CSR के माध्यम से स्वास्थ्य क्षेत्र में किया गया यह सहयोग आम लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।वहीं सिविल सर्जन रामदेव पासवान ने कहा कि जिला प्रशासन का लगातार प्रयास है कि सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं का विस्तार हो और मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके। आधुनिक उपकरणों से नेत्र विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा जरूरतमंद मरीजों को बेहतर और सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
वर्चुअल माध्यम से जुड़े CSR अधिकारी
कार्यक्रम में सिविल सर्जन रामदेव पासवान, अस्पताल उपाधीक्षक देवेश कुमार, डॉ. राहुल वर्मा, डॉ. शहबाज हुसैन और डॉ. मुकेश कुमार समेत अस्पताल के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया की CSR हेड सोमा टंडन और डिप्टी मैनेजर (CSR) दीपक जगतियानी गूगल मीट के माध्यम से कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से शामिल हुए।कनेक्ट ग्लोबल फाउंडेशन के अध्यक्ष संजय कुमार, सचिव राहुल कुमार और कोषाध्यक्ष पुष्पक कुमार भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। अधिकारियों ने कहा कि CSR के तहत उपलब्ध कराए गए उपकरणों से नेत्र उपचार की गुणवत्ता में सुधार होगा और आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों को इसका विशेष लाभ मिलेगा। यह पहल जिले में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



