Dhanbad Headless Body Case: पुलिस ने धनबाद के बलियापुर में मिली सिर कटी युवती के शव की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। युवती के प्रेम विवाह से नाराज ससुर ने ही उसकी हत्या की साजिश रची थी।
धनबाद। 11 सितंबर को बलियापुर की ढांगी पहाड़ी की तलहटी से मिले सिर कटे युवती के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, युवती ने कृष रवानी से प्रेम विवाह किया था। इससे कृष के पिता संतोष रवानी नाराज थे।
आरोप है कि संतोष रवानी ने युवती को रास्ते से हटाने की साजिश रची और अन्य लोगों की मदद से उसकी हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया। मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
11 सिंतबर को बलियापुर थाना क्षेत्र में मिला था शव
11 सितंबर को ढांगी पहाड़ी की तलहटी के पास युवती का सिर कटा शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। गश्ती दल ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो कुछ दूरी पर बोरे में युवती का सिर भी बरामद हुआ।
गिरिडीह के बेंगाबाद थाना क्षेत्र निवासी संदीप रवानी ने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। उन्होंने बताया कि बेटी नौ सितंबर से लापता थी। इसके बाद बलियापुर थाने में हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने चार लोगों को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए जयराम रवानी, किशोर महतो, आलोमनी देवी और राम प्रसाद रजवार को गिरफ्तार किया।



