रजरप्पा पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का पर्दाफाश करते हुए 6 तस्करों को गिरफ्तार किया है. 5.88 ग्राम ब्राउन शुगर, 2 वाहन और 3 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं.
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई एसआइटी
बुधवार को रजरप्पा थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन ने पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि तीन नवंबर की शाम करीब 5:10 बजे रामगढ़ पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक स्कूटी पर सवार तीन व्यक्ति महुआटांड़ से बोरोबिंग की ओर आ रहे हैं. उनके पास ब्राउन शुगर समेत अन्य मादक पदार्थ हैं.
सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया गया. इसमें रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया. टीम ने बोरोबिंग पुल के समीप बैरियर लगाकर महुआटांड़ की ओर से आनेवाले वाहनों की जांच शुरू की. शाम करीब 7:45 बजे स्कूटी पर सवार तीन युवकों को रोककर तलाशी ली गयी.
पूछताछ में सामने आया खरीद-बिक्री का नेटवर्क
उनकी पहचान रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र के डडुआ, जोन्हा निवासी दिवाकर कुमार ठाकुर (28), पिता विजय कुमार ठाकुर, इंद्रा आवास कॉलोनी निवासी कृष्णा नायक (32), पिता कलपु नायक और महुआदीपा निवासी आनंद लकड़ा (20), पिता सोमा लकड़ा के रूप में हुई.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे रजरप्पा क्षेत्र के दीपक रजक (19), पिता नागेश्वर रजक, रजरप्पा प्रोजेक्ट, आकाश सिंह उर्फ गोंदु (23), पिता अजय सिंह और महुआटोली निवासी हेमंत राजभर (27), पिता गिरवाल राजभर से ब्राउन शुगर खरीदते थे. इसके बाद रांची और आसपास के क्षेत्रों में इसकी बिक्री करने के साथ खुद भी सेवन करते थे. आरोपितों ने बताया कि तीन नवंबर को भी महुआटांड़ जाने वाले रास्ते में एक सुनसान जंगली स्थान पर ब्राउन शुगर खरीदी थी. इसके बाद एसआइटी ने छापेमारी कर तीनों कथित सप्लायरों को भी गिरफ्तार कर लिया.
दो वाहन और तीन मोबाइल जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 5.88 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 50 से 60 हजार रुपये है. पुलिस ने दो स्कूटी/मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किये हैं. इस संबंध में रजरप्पा थाना कांड संख्या 139/26, दिनांक 3 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
छापेमारी दल में ये थे शामिल
छापेमारी में रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार रजक, रंजीत कुमार महतो, रोहित राज सिंह, गोला थाना के अमित कुमार, रामगढ़ तकनीकी शाखा के कर्मी और थाना सशस्त्र बल के जवान शामि



