गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को वासेपुर में पुलिस परेड के दौरान एक युवक ने थप्पड़ मार दिया। दुबई भागने की कोशिश में कोलकाता से गिरफ्तार हुए बंटी के एनकाउंटर की भी मांग उठी।
वासेपुर/धनबाद। दुबई में बैठकर वसूली गिरोह का संचालन करने वाले गैंगस्टर प्रिंस खान के खौफ की हवा सोमवार को वासेपुर में निकल गई। पुलिस जब प्रिंस खान के भाई बंटी खान की वासेपुर में परेड करा रही थी, तभी एक युवक सामने आया और उसे एक तमाचा जड़ दिया।
हालांकि, पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और हमलावर भीड़ से बंटी खान को बचाया। दूसरी ओर, वासेपुर के गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल खान ने पुलिस ने बंटी खान का एनकाउंटर करने की मांग की है।
दुबई भागने के दौरान कोलकाता से बंटी की हुई गिरफ्तारी
गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को दुबई भागने के दौरान कोलकाता एयरपोर्ट से कोलकाता पुलिस की मदद से धनबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बैंक मोड़ थाने में पूछताछ के बाद धनबाद पुलिस बंटी खान को लेकर वासेपुर पहुंची।
पुलिस बंटी खान को कमर मखदूमी रोड स्थित मुख्य सड़क पर घुमाते हुए उसके आवास और कार्यालय तक ले गई। इस दृश्य को देखने के लिए काफी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
परेड के दौरान स्थानीय लोगों ने एनकाउंटर के लिए उठाई आवाज
बंटी खान की परेड के दौरान कमर मखदूमी रोड पर युवकों की भीड़ काफी बढ़ गई। कई युवक जोर-जोर से चिल्ला रहे थे कि यह आतंकवादी का भाई है और इस अपराधी का एनकाउंटर करना चाहिए।
हालांकि, ऐसे युवकों पर पुलिस की खास नजर थी। इसके बावजूद भीड़ में से एक युवक पुलिस को चकमा देकर बंटी खान तक पहुंच गया और उसे एक थप्पड़ जड़ दिया।
पुलिस ने तत्काल युवक को खदेड़ दिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस बंटी खान को वापस लेकर चली गई। कमर मखदूमी रोड पर स्थानीय युवकों की ओर से बंटी खान के खिलाफ भारी विरोध किया जा रहा था।



