फरक्का-ललमटिया एमजीआर रेल लाइन पर चलती मालगाड़ी में नाबालिगों का कोयला चोरी करते हुए खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
साहिबगंज : फरक्का एनटीपीसी और ललमटिया कोयला खदान को जोड़ने वाली एमजीआर रेल लाइन पर कोयला चोरी का एक और खतरनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ नाबालिग किशोर चलती मालगाड़ी के खुले डिब्बों में जान जोखिम में डालकर कोयला चोरी का सामान लेकर स्टंट करते नजर आ रहे हैं. वायरल वीडियो में दिख रहा है कि तेज रफ्तार मालगाड़ी के साथ कुछ किशोर पहले दौड़ते हैं और फिर चलती ट्रेन में चढ़ जाते हैं. डिब्बे में चढ़ने के बाद किशोर मोबाइल से सेल्फी और वीडियो बनाते हैं. एक किशोर तो डिब्बे के किनारे बैठकर रील बनाता भी नजर आ रहा है.
हादसों के बावजूद नहीं रुक रहा खतरनाक खेल
स्थानीय लोगों के अनुसार, ललमटिया से फरक्का एनटीपीसी तक रोजाना कई कोयला लदी मालगाड़ियां गुजरती हैं. इस रूट पर आए दिन नाबालिग और बालिग युवक कोयला चोरी के लिए इस तरह का खतरनाक स्टंट करते हैं. कई बार हादसों में युवकों की मौत भी हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. रेलवे सुरक्षा बल और जिला प्रशासन की ओर से समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई भी की जाती है. इसके बावजूद सोशल मीडिया पर वायरल होने के चक्कर में नाबालिग अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं. थाना प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर युवकों को चिह्नित किया जा रहा है. उनके खिलाफ विधिवत कार्रवाई की जाएगी.
सोनू कुमार की रिपोर्ट..






