महात्मा गांधी की जयंती पर रांची के बापू वाटिका में सीएम हेमंत सोरेन और राज्यपाल संतोष गंगवार ने राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की.
मोरहाबादी के बापू वाटिका में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर के अवसर पर राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में राजकीय श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विशेष रूप से शामिल हुए. दोनों शीर्ष नेताओं ने बापू वाटिका पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें नमन करते हुए भावपूर्ण श्रद्धासुमन अर्पित किए.बापू के प्रिय भजनों से गूंजा मोरहाबादी परिसर
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान बापू वाटिका का पूरा वातावरण आध्यात्मिक और देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया. पूरा परिसर बापू के भजनों और देशभक्ति गीतों की धुनों से लगातार गूंजता रहा. उपस्थित लोगों ने राष्ट्रपिता के बताए सत्य, अहिंसा और स्वावलंबन के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया.’भारत के इतिहास का कभी न भूलने वाला दिन’: CM हेमंत सोरेन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वहां उपस्थित लोगों और मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि 2 अक्टूबर भारत के इतिहास का एक ऐसा स्वर्णिम दिन है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता. उन्होंने याद दिलाया कि आज देश की दो महान विभूतियों- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जयंती दिवस है. हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूरा राज्य एकजुट होकर अपनी महान विभूतियों को नमन कर रहा है. ‘अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही बापू को सच्ची श्रद्धांजलि’
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का दुनिया में एक अनूठा इतिहास रहा है, जहां ऐसी महान आत्माओं ने जन्म लेकर समाज और राष्ट्र का सही मार्गदर्शन किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार बापू के सिद्धांतों और जीवन दर्शन को आत्मसात करते हुए काम कर रही है. सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के चौथरफा विकास और कल्याण के लिए पूरी निष्ठा के साथ संकल्पित है.



