बरहेट/साहिबगंज। संवाददाता। पवित्र श्रावण माह की पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार की देर शाम प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शिवगादी धाम में बाबा गाजेश्वरनाथ महादेव की विशेष श्रृंगारी पूजा-अर्चना विधिवत संपन्न हुई। करीब रात 9 बजे शिवगादी प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार कर विशेष पूजा की।
श्रृंगारी पूजा में समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में शिवभक्त श्रद्धालु भी शामिल हुए। पूजा के दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा शिवगादी धाम गुंजायमान होता रहा। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से बाबा गाजेश्वरनाथ की पूजा-अर्चना कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
पूजा के बाद बाबा की आरती की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। तालियों की गूंज और शंखध्वनि से मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। सावन के अंतिम दिन आयोजित इस विशेष पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।



