दो-तीन दिन पुराना बताया जा रहा शव, पहचान नहीं होने से पुलिस की जांच जारी
साहिबगंज। जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के घोंघी पोखर से गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जिरवाबाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है।
सदर अस्पताल में नहीं हो सका पोस्टमार्टम:
पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में तीन सदस्यीय मेडिकल टीम गठित की गई थी। टीम में डॉ. केशव कृष्णा, डॉ. मुकेश कुमार और डॉ. कुमार अंकित शामिल थे। चिकित्सकों के अनुसार शव करीब दो से तीन दिन पुराना है और उसकी स्थिति खराब होने के कारण सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम संभव नहीं हो सका। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका रेफर कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ मामले की जांच में लगी है।



