कार्यक्षेत्र से बाहर निकल मानवता की पेश की मिसाल, बाढ़ पीड़ितों के बीच बांटी राहत सामग्री
साहिबगंज। गंगा नदी में आई भीषण बाढ़ के बीच राहत एवं बचाव कार्य में अब नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान भी सक्रिय रूप से आगे आए हैं। उन्होंने अपने निर्धारित कार्यक्षेत्र से बाहर निकलकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और पीड़ित परिवारों का हाल जाना। अध्यक्ष ने सदर प्रखंड के किशन प्रसाद, मुसहरी टोला, शोभनपुर, हरप्रसाद और पासवान टोली समेत अन्य प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं।
अंचलाधिकारी व एनडीआरएफ टीम के साथ किया राहत वितरण:
रामनाथ पासवान ने अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू एवं एनडीआरएफ टीम के साथ बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया। उन्होंने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में वे उनके साथ खड़े हैं और जरूरतमंदों की हरसंभव मदद के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे। बाढ़ के बीच नगर परिषद अध्यक्ष के इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।



