मतदाताओं से बिचौलियों से सावधान रहने की अपील, फर्जी दस्तावेज पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी
बरहरवा/साहिबगंज। बरहरवा प्रखंड में एसआईआर को लेकर प्रशासन ने बुधवार को मतदाताओं के लिए कड़ा अलर्ट जारी किया है। मतदाता सूची में दावा-आपत्ति और सुनवाई के दौरान कई मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय बुलाया गया था। जांच के दौरान कुछ लोगों के जाति प्रमाण पत्र एवं निवास प्रमाण पत्र संदिग्ध पाए गए, जिसके बाद प्रशासन की ओर से इन दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे किसी भी बिचौलिए के झांसे में आकर फर्जी या गलत प्रमाण पत्र तैयार न करवाएं। जांच के दौरान दस्तावेज गलत या फर्जी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो सकती है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
प्रमाण पत्र के लिए सीधे सरकारी कार्यालय से करें संपर्क
सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी सन्नी कुमार दास ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि SIR प्रक्रिया के दौरान अपने दस्तावेजों को लेकर विशेष सावधानी बरतें। किसी भी प्रमाण पत्र की सही जानकारी अथवा प्रक्रिया जानने के लिए सीधे बरहरवा प्रखंड-अंचल कार्यालय या नगर पंचायत कार्यालय से संपर्क करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदाता किसी गलत व्यक्ति या बिचौलिए के बहकावे में आकर दस्तावेज तैयार न करवाएं और SIR के दौरान प्रस्तुत किए जाने वाले सभी प्रमाण पत्र सही एवं वैध रखें।



