धनबाद पहुंचे बाबूलाल मरांडी ने दावा किया है कि बीजेपी अगले चुनाव में झारखंड में वापसी करेगी.
धनबाद: बाबूलाल मरांडी ने दावा किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा झारखंड की सत्ता में वापसी करेगी. इसके अलावा उन्होंने अवैध कोयला खनन, राज्य में विकास कार्यों की स्थिति और डीजीपी की पोस्टिंग को लेकर उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए. वहीं, एसआईआर के मुद्दे पर कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए राहुल गांधी पर भी कटाक्ष किया.
दरअसल, झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी निजी दौरे पर मैथन पहुंचे थे. यहां मजूमदार निवास में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. इसके बाद मीडिया से बातचीत के दौरान बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार को कई मुद्दों पर घेरा. मैथन के मजूमदार निवास में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बीच नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी का स्वागत किया गया. भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहन कुंभकार, भाजपा नेता अशोक मंडल, पूर्व विधायक अपर्णा सेन गुप्ता, जय प्रकाश सिंह और चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी समेत कई नेताओं ने उन्हें बुके भेंट कर अभिनंदन किया.
स्वागत कार्यक्रम के बाद बाबूलाल मरांडी ने मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि झारखंड में अवैध कोयला खनन का कारोबार जारी है. उन्होंने राज्य में आम जनता की समस्याओं और विकास कार्यों की स्थिति को लेकर भी सरकार को कटघरे में खड़ा किया.
वहीं, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के मुद्दे पर उन्होंने कांग्रेस और राज्य सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए. कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मरांडी ने तंज कसा कि कांग्रेस अब केवल कथा-कहानी की पार्टी बनकर रह गई है.
झारखंड के डीजीपी तदाशा मिश्रा की पोस्टिंग का मुद्दा भी उन्होंने उठाया. बाबूलाल मरांडी ने डीजीपी की नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हुए राज्य सरकार पर मनमाने तरीके से निर्णय लेने का आरोप लगाया.



