साहेबगंज में चोरी की बाइक के इंजन से गन्ने का जूस निकालने वाला ठेला बनाया गया. पुलिस ने इस अनोखे जुगाड़ का भंडाफोड़ कर आरोपी को पकड़ा.
पतना (साहेबगंज): साहेबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र से एक बेहद ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां केंंदुआ गांव से चोरी हुई एक ग्लैमर मोटरसाइकिल के इंजन, साइलेंसर, सॉकर और हैंडल समेत कई पार्ट्स को गन्ने का जूस निकालने वाली गाड़ी (भुटभुटिया) में लगाकर इस्तेमाल किया जा रहा था. रांगा थाना पुलिस ने इस अनोखे ‘जुगाड़’ का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और गन्ने के जूस की उस गाड़ी को भी जब्त कर लिया है.
घर के सामने से चोरी हुई थी ग्लैमर बाइक, पुलिस ने शुरू की जांच
जानकारी के अनुसार, रांगा थाना क्षेत्र के केंदुआ निवासी सदानंद कुमार साहा की ग्लैमर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर- JH 18 G 9475) उनके घर से चोरी हो गई थी. भुक्तभोगी द्वारा घटना की सूचना दिए जाने के बाद रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस लगातार चोरों का सुराग लगाने के लिए खुफिया जानकारी जुटा रही थी.
पुरुलिया के पास छापेमारी, गन्ने के जूस वाली गाड़ी में मिला चोरी का सामान
इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चोरी की गई बाइक के इंजन और अन्य पार्ट्स को एक युवक गन्ने का जूस निकालने वाली गाड़ी में फिट करके धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहा है. इस सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पुरुलिया के पास छापेमारी की. पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया और जब गन्ने के जूस वाली गाड़ी (भुटभुटिया) की जांच की, तो उसमें चोरी की ग्लैमर बाइक का इंजन, साइलेंसर, सॉकर और हैंडल लगा हुआ पाया गया.
बिंदुपाड़ा के मिस्त्री ने किया था कांड, कई इलाकों में घूमकर बेच रहा था जूस
पुलिस की कड़ी पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया. उसने बताया कि चोरी की मोटरसाइकिल के इन कीमती पार्ट्स को उसने बिंदुपाड़ा के एक मिस्त्री के माध्यम से अपनी जूस वाली गाड़ी में लगवाया था. इसके बाद वह पुलिस से बचने के लिए इसी गाड़ी से बरहरवा, पतना चौक, केंदुआ, गुमानी, पुरलिया और बिशनपुर समेत कई इलाकों में घूम-घूम कर गन्ने का जूस निकालता और बेचता था.
अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव ने बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ के दौरान इस रैकेट में शामिल कई अन्य लोगों के नामों का भी खुलासा हुआ है. पुलिस अब उन सभी की भूमिका की जांच कर रही है. आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. साथ ही, चोरी की बाइक के बाकी बचे पार्ट्स की बरामदगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.



