साहिबगंज: जिले में बाढ़ का संकट गहराने के साथ ही प्रभावित परिवारों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कई इलाकों में पानी फैलने से लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों का सामान जुटाने में परेशानी हो रही है। ऐसे में शनिवार को आजसू पार्टी की टीम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जरूरतमंद परिवारों के बीच राहत सामग्री पहुंचाई।आजसू जिलाध्यक्ष चतुरानंद पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ता मंडरो प्रखंड के अंबाडिहा गांव सहित विभिन्न प्रभावित इलाकों में पहुंचे। टीम ने महादेवगंज के अंबाडिहा गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में लोगों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और इसके बाद चूड़ा, गुड़, बिस्किट सहित अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया।
राहत सामग्री मिलने पर प्रभावित परिवारों ने कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। पार्टी नेताओं ने कहा कि बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक प्रभावित इलाकों में जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा। कार्यकर्ताओं को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा गया है, ताकि जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर उन्हें समय पर राहत उपलब्ध कराई जा सके।
जिलाध्यक्ष चतुरानंद पांडेय ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय प्रभावित लोगों के साथ खड़ा रहना सामाजिक जिम्मेदारी है। आजसू कार्यकर्ता बाढ़ प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं को समझते हुए उनके बीच पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से राहत कार्य को आगे भी जारी रखा जाएगा।मौके पर सुनैना देवी, मिथिलेश यादव, सनी गोड़, दीपक पासवान, उपेंद्र शाह, मुकेश यादव, धर्मेंद्र सिन्हा, निर्मला देवी, राहुल जायसवाल, सुशीला देवी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।



