बाघमारा सीएचसी में रेडियोलॉजी और पैथोलॉजी जांच सुविधाओं की बहाली के लिए आंदोलन स्थगित कर दिया गया है. विधायक शत्रुघ्न महतो से वार्ता के बाद एक माह का अल्टीमेटम दिया गया है.
बाघमारा. बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में रेडियोलॉजी और पैथोलॉजी जांच सुविधाएं बहाल करने समेत अन्य मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन एक माह के लिए स्थगित कर दिया गया है. शुक्रवार को चिटाही स्थित आवासीय कार्यालय में संपूर्ण जनजागृति ऑर्गेनाइजेशन के पदाधिकारियों और विधायक शत्रुघ्न महतो के बीच वार्ता हुई. इसके बाद हरिणा चौक पर प्रस्तावित पुतला दहन कार्यक्रम को टालने का निर्णय लिया गया.
संगठन के प्रेम कुमार ने बताया कि विधायक की पहल और प्रशासन की ओर से मिले आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित किया गया है. संगठन दो अक्तूबर से चरणबद्ध आंदोलन कर रहा था. आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि एक माह के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा.
जांच सुविधाएं बहाल करने का आश्वासन
प्रशासन की ओर से बाघमारा सीएचसी में जांच सुविधाएं बहाल करने का आश्वासन दिया गया है. इसके लिए तकनीशियनों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने और जल्द ही जांच सेवाएं शुरू करने की बात कही गयी है. संगठन की प्रमुख मांगों में रेडियोलॉजी और पैथोलॉजी जांच की सुविधा उपलब्ध कराना शामिल है.
नेहरू बालिका उच्च विद्यालय को कब्जामुक्त कराने की मांग
इधर, बीसीसीएल के नेहरू बालिका उच्च विद्यालय को कथित अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग को लेकर भी आंदोलनकारियों ने पहल की है. इस संबंध में बरोरा जीएम केके सिंह ने संगठन के प्रतिनिधियों से वार्ता की.
जीएम ने बताया कि विद्यालय को कब्जामुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन से दंडाधिकारी नियुक्त करने का अनुरोध किया गया है. संगठन ने कहा है कि विद्यालय को कब्जामुक्त कराने सहित सभी मांगों पर एक माह के भीतर ठोस कार्रवाई होनी चाहिए. ऐसा नहीं होने पर आंदोलन फिर से शुरू किया जाएगा.



