मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी तृषा सिंह का शव सड़क हादसे के बाद जमशेदपुर से रांची लाया जा रहा है. हादसे में चार युवाओं की मौत हो गई थी.
रांची. झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का शव रांची स्थित आवास लाया जा रहा है. जमशेदपुर में सड़क हादसे के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को रांची लाया जा रहा है.
तृषा सिंह समेत चार युवाओं की गुरुवार तड़के सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव में हुए हादसे में मौत हो गयी थी. हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार से गैस कटर की मदद से चारों शवों को बाहर निकाला गया था.
हादसे की खबर से शोक की लहर
इस हृदयविदारक घटना की खबर सुनते ही पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गयी. घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जतायी. इनके साथ ही राज्य के कई अन्य नेताओं, मंत्रियों और विधायकों ने भी इस दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की.
सीएम हेमंत सोरेन ने जताया दुख
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार में साथी मंत्री एवं बहन दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और अन्य लोगों के निधन की खबर से मन अत्यंत व्यथित है. उन्होंने कहा कि अपनी संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है. इस कठिन घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और शोकाकुल परिवारों के साथ हैं.



