स्कूल-कॉलेज से लेकर सीमावर्ती इलाकों तक बढ़ेगी निगरानी, तस्करों और आदतन अपराधियों पर कसेगा शिकंजा
साहिबगंज। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं तस्करी पर रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में समाहरणालय में जिला स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री, भंडारण, परिवहन और तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की रणनीति पर चर्चा हुई।
नशे के कारोबार पर सख्ती, आदतन अपराधियों पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त ने अधिकारियों को ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। गांजा, अवैध कफ सिरप सहित अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी के खिलाफ नियमित और औचक छापेमारी अभियान चलाने तथा अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क को चिह्नित कर कानूनी कार्रवाई करने को कहा। बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले आदतन अपराधियों पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
स्कूल-कॉलेज और सीमावर्ती क्षेत्रों पर विशेष निगरानी:
उपायुक्त ने विद्यालयों, प्लस-2 स्कूलों एवं महाविद्यालयों के आसपास विशेष निगरानी रखने तथा नशीले पदार्थों की बिक्री मिलने पर कार्रवाई करने को कहा। संबंधित दुकानदारों से नशे का कारोबार नहीं करने का स्व-घोषणा पत्र लेने का निर्देश दिया गया। वहीं सीमावर्ती एवं दियारा क्षेत्रों में भी सूचना तंत्र मजबूत कर लगातार निगरानी करने को कहा गया। शिक्षा विभाग को युवाओं के बीच व्यापक नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता विजय कुमार, प्रभारी जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास, जिला शिक्षा पदाधिकारी नयन कुमार, एसडीओ राजमहल सदानंद महतो, मुख्यालय डीएसपी रविकांत साह, एसडीपीओ साहिबगंज सुशील कुमार, एसडीपीओ राजमहल विमलेश त्रिपाठी, एसडीपीओ बरहरवा नितिन खंडेवाला सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



