नया टोला में 501 महिलाओं ने निकाली भव्य कलश शोभायात्रा
साहिबगंज। शहर के नया टोला स्थित जगदंबा महारानी जी दुर्गा पूजा समिति की ओर से शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। इसमें 501 महिलाओं ने भाग लिया। सुरक्षा व्यवस्था में पूजा समिति के दर्जनों सदस्य तैनात रहे।
समिति के सदस्य रोहित कुमार ने बताया कि जगदंबा महारानी पूजा समिति की विशेष परंपरा के तहत मां को पालकी पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को सनातन धर्म, संस्कृति और धार्मिक आस्था के प्रति जागरूक करना है। शोभायात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर मुक्तेश्वर धाम गंगा घाट पहुंची, जहां महिलाओं और कन्याओं ने गंगाजल भरकर कलश यात्रा निकाली। घुड़सवारों और डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु भक्तिमय माहौल में आगे बढ़े। यात्रा बरतल्ला, कुलीपाड़ा, ग्रीन मोड़, कॉलेज रोड और एसडीओ कोठी होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंची। इसके बाद विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर नवरात्र अनुष्ठान की शुरुआत की गई। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना।



