रांची रेल मंडल दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ के लिए व्यापक तैयारियां कर रहा है। यात्रियों को स्टेशन पर भीड़ और अव्यवस्था से बचाने के लिए एम-यूटीएस सहायक द्वारा टिकट जारी करने, विशेष ट्रेनें चलाने और अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं|
रांची। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रियों को स्टेशन पर भीड़ और अव्यवस्था से बचाने के लिए एक साथ कई स्तर पर व्यवस्था की जा रही है।
रांची स्टेशन पर एम-यूटीएस सहायक के माध्यम से यात्रियों के पास जाकर अनारक्षित टिकट जारी करने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा अस्थायी होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त कोच, विशेष ट्रेनों के परिचालन, नियमित एनाउंसमेंट और अतिरिक्त आरपीएफ व रेलकर्मियों की तैनाती की तैयारी है। रेलवे ने इस दिशा में युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है। यात्रियों के पास जाकर जारी होगा टिकट
त्योहारी सीजन में टिकट काउंटर पर बढ़ने वाली भीड़ को कम करने के लिए स्टेशन पर एम-यूटीएस सहायक की व्यवस्था की जाएगी। रांची स्टेशन पर इसकी व्यवस्था होगी। जरूरत पड़ने पर हटिया और अन्य स्टेशनों पर भी इसे लागू किया जाएगा। इसके तहत एम-यूटीएस सहायक मोबाइल डिवाइस के जरिए यात्रियों के पास जाकर अनारक्षित टिकट जारी करेगा। इससे यात्रियों को टिकट के लिए हर बार बुकिंग काउंटर की कतार में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
13 स्पेशल ट्रेनों का प्रस्ताव, कुछ परिचालन शुरू
त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल की ओर से 13 स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है। इसमें रांची या हटिया से जयनगर, पूर्णिया कोर्ट, गोरखपुर, वाराणसी, आरा, कामाख्या, शालीमार, एलटीटी, चेन्नई या बेंगलुरु, दिल्ली और अजमेर के लिए ट्रेन परिचालन का प्रस्ताव शामिल है। इनमें दिल्ली और अजमेर के लिए ट्रेनों का परिचालन शुरू भी हो चुका है। रेलवे को उम्मीद है कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में पूजा स्पेशल ट्रेनों की संख्या अधिक रहेगी। इससे त्योहार के दौरान घर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिल सकेंगे।
प्लेटफार्म पर भीड़ रोकने के लिए होल्डिंग एरिया
स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अस्थायी रूप से होल्डिंग एरिया तैयार करने का निर्देश दिया गया है। इसका उद्देश्य यात्रियों की भीड़ को प्लेटफार्म पर अनियंत्रित होने से रोकना है। इसके साथ ही जरूरत के अनुसार आरपीएफ और रेलकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी।
एनाउंस के बाद प्लेटफार्म बदलने से बचने का निर्देश
त्योहारी भीड़ के दौरान प्लेटफार्म बदलने को लेकर यात्रियों के बीच अफरातफरी की स्थिति नहीं बने, इसके लिए भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। ट्रेन के प्लेटफार्म की सूचना एनाउंस होने और यात्रियों के वहां पहुंचने के बाद अंतिम समय में प्लेटफार्म बदलने से बचने को कहा गया है। भीड़ अधिक होने के कारण अंतिम समय में प्लेटफार्म बदलने से यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
वार रूम रहेगा सक्रिय
त्योहारी सीजन के दौरान बेहतर समन्वय के लिए वार रूम को सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया है। इसके माध्यम से विभिन्न स्तरों पर समन्वय बनाए रखने और किसी भी तरह की परेशानी की स्थिति में तत्काल व्यवस्था करने पर जोर रहेगा। सीसीटीवी कैमरा से भीड़ की निगरानी होगी।
वेटिंग बढ़ी तो लगाए जाएंगे अतिरिक्त कोच
ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त कोच लगाने की भी व्यवस्था रहेगी। इससे अंतिम समय में यात्रियों को कुछ राहत मिल सकेगी। रेलवे का प्रयास है कि पर्व-त्योहार के दौरान यात्रियों को स्टेशन और ट्रेन दोनों जगह अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
पर्व-त्योहार के दौरान यात्रियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए हर स्तर पर आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके लिए मंडल की ओर से युद्धस्तर पर तैयारी की जा रही है, ताकि यात्रियों को कम से कम परेशानी हो। -करुणा निधि सिंह, डीआरएम, रांची रेल मंडल



