UDISE+ प्रोफाइल न होने पर बोर्ड परीक्षा में आ सकती है समस्या. देवघर, दुमका सहित 6 जिलों के विद्यार्थियों को तुरंत प्रोफाइल बनवाना होगा. जानें क्या हैं कारण और समाधान.
देवघर : संताल परगना के देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़ और जामताड़ा जिले के विद्यालयों में अध्ययनरत वैसे विद्यार्थियों के लिए जरूरी सूचना है, जिनका विद्यार्थी प्रोफाइल अब तक यू-डायस प्लस (UDISE+) में दर्ज नहीं हो सका है. ऐसे विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने में परेशानी हो सकती है. इसे देखते हुए संबंधित विद्यालयों के प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं प्राचार्य को चालू शैक्षणिक सत्र 2026-27 में ऐसे विद्यार्थियों का UDISE+ पर प्रोफाइल अविलंब तैयार कराना सुनिश्चित करने को कहा गया है.
किन विद्यार्थियों का नहीं बन पाया है प्रोफाइल
UDISE+ में विद्यार्थी का प्रोफाइल नहीं बनने के कई कारण हो सकते हैं. इनमें पढ़ाई छोड़ने के बाद दोबारा विद्यालय में नामांकन लेने वाले विद्यार्थी, गैर-मान्यता प्राप्त या ओपन स्कूल से आने वाले विद्यार्थी, वर्तमान विद्यालय द्वारा पिछले वर्ष प्रोफाइल नहीं बनाया जाना तथा पूर्व विद्यालय से प्रोफाइल नहीं बन पाना शामिल है. दूसरे देश से आने वाले विद्यार्थियों के लिए भी UDISE+ में प्रोफाइल बनाने का प्रावधान है.
दस्तावेजों का सत्यापन होगा जरूरी
विद्यार्थी का प्रोफाइल तैयार करने के लिए विद्यालय को स्कूल रजिस्टर अथवा प्रवेश पंजी की प्रधानाध्यापक से सत्यापित प्रति उपलब्ध करानी होगी. इसमें विद्यार्थी के नाम, लिंग और जन्मतिथि का सत्यापन किया जाएगा. जन्मतिथि के प्रमाण के लिए जन्म प्रमाणपत्र तथा लागू होने पर स्थानांतरण प्रमाणपत्र या विद्यालय परित्याग प्रमाणपत्र भी संलग्न किया जा सकता है.
पहले ग्लोबल सर्च से पुराने प्रोफाइल की होगी जांच
नया प्रोफाइल बनाने से पहले UDISE+ के विद्यार्थी मॉड्यूल में ग्लोबल सर्च के माध्यम से यह जांच करना जरूरी होगा कि संबंधित विद्यार्थी का कोई पुराना प्रोफाइल पहले से मौजूद तो नहीं है. विद्यालय प्रधान को उपलब्ध जानकारी और प्रस्तुत दस्तावेजों की सत्यता की जिम्मेदारी भी लेनी होगी.
कक्षा 2 से 12 तक के विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान
देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़ और जामताड़ा के विद्यालय प्रबंधन को कक्षा 2 से 12 तक के वैसे विद्यार्थियों की पहचान कर उनका रिकॉर्ड दुरुस्त करना होगा, जिनका UDISE+ में अब तक प्रोफाइल नहीं बना है. समय पर प्रोफाइल तैयार होने से विद्यार्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी और बोर्ड परीक्षा से संबंधित प्रक्रियाओं में संभावित परेशानी से बचा जा सकेगा.



