रांची में वाटरफॉल का जलस्तर उफान पर है. प्रशासन ने सुरक्षा चेतावनी जारी की है.
रांची: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच रांची के प्रमुख जलप्रपात उफान पर हैं. जोन्हा, हुंडरू, दशम, सीता और रिमिक्स फॉल समेत अन्य जलप्रपातों में पानी का बहाव तेज हो गया है. ऐसे में जिला प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की है. प्रशासन ने लोगों से जलप्रपातों के बेहद करीब नहीं जाने और सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है.
हुंडरू फॉल में दो पर्यटक डूबने से बचे
इसी बीच बुधवार को हुंडरू फॉल में बड़ा हादसा टल गया. बिहार के आरा से घूमने पहुंचे दो पर्यटक मगतूमारा दह में नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे.
पर्यटक मित्र योगेश अहीर के मुताबिक, दोनों को पानी में संघर्ष करते देखकर वहां ड्यूटी पर तैनात पर्यटक मित्र ने तत्काल पानी में पहुंचकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. समय पर मदद मिलने से दोनों पर्यटकों की जान बच गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा.
तेज बहाव और फिसलन बनी जानलेवा
बारिश के कारण जलप्रपातों में जलधारा की गति काफी तेज है. चट्टानों पर फिसलन और अचानक जलस्तर बढ़ने की आशंका के कारण इन स्थानों पर खतरा बढ़ गया है. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जलप्रपातों का खूबसूरत नजारा आकर्षक जरूर है, लेकिन इस समय यहां थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है.
प्रशासन की पर्यटकों से अपील
जिला प्रशासन ने पर्यटकों से जलप्रपातों के आसपास जोखिम वाले स्थानों पर नहीं जाने की अपील की है. साथ ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन करने, मौसम और जलप्रपातों की स्थिति से जुड़ी प्रशासनिक सूचनाओं पर नजर रखने तथा पर्यटक मित्रों के निर्देशों को मानने को कहा गया है.
लगातार हो रही बारिश के दौरान डैम में बोटिंग नहीं करने और नशे की हालत में जलप्रपात क्षेत्र में नहीं जाने की भी अपील की गई है. प्रशासन ने लोगों से कहा है कि प्रकृति का आनंद सुरक्षित दूरी से लें और अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें.



