पेंटाथलन में 3852 अंक हासिल कर परमा बने विजेता, जेवलिन थ्रो में काजल ने 29.92 मीटर फेंका
साहिबगंज। संवाददाता। पटना में 22 से 24 सितंबर तक आयोजित 37वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन साहिबगंज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सिदो-कान्हू स्टेडियम में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के ट्रेनी परमा हांसदा ने अंडर-16 पेंटाथलन में 3852 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। मिथिलेश कुमार 3783 अंकों के साथ दूसरे रहे।
वहीं सकरीगली की काजल कुमारी ने अंडर-16 जेवलिन थ्रो में 29.92 मीटर प्रदर्शन के साथ रजत पदक जीता। पश्चिम बंगाल की मोनिका वैद्या प्रथम रहीं। अंडर-20 जेवलिन थ्रो में विवेक यादव छठे स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता में जिले के 11 खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर उपायुक्त दीपक कुमार दुबे समेत खेल विभाग, जिला ओलंपिक संघ, प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों ने बधाई दी।



