तीन घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर किया गया रेफर
बरहेट/साहिबगंज। बरहेट थाना क्षेत्र के सिंगा मोड़ के समीप बुधवार को ट्रैक्टर और टेंपो की जोरदार टक्कर में 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहेट लाया गया।
सीएचसी में चिकित्सक डॉ. तौसीफ आजम, डॉ. सलीम शेख एवं डॉ. संतोष टुडू ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। घायलों में जमालपुर बोड़बांध निवासी 65 वर्षीय हाराधन ठाकुर, पेटखसा निवासी 50 वर्षीय सांतु राम, हरचनपुर निवासी 35 वर्षीय तालामय किस्कू तथा बोरियो थाना क्षेत्र के छोटा बरमसिया निवासी 24 वर्षीय मरियम बेसरा शामिल हैं।
अनीता किस्कू को चिकित्सकों ने किया मृत घोषित:
जांच के दौरान चिकित्सकों ने 18 वर्षीय अनीता किस्कू को मृत घोषित कर दिया। वहीं तालामय किस्कू को छोड़कर अन्य तीन घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। मृतका कहां की रहने वाली थी, इसकी तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी लोग टेंपो से बरहेट से बोरियो की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से बरहेट की ओर आ रहे ट्रैक्टर से सिंगा मोड़ के समीप टेंपो की टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।



