बरहेट/साहिबगंज। बरहेट बाजार स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार देर शाम बड़ी दुर्गा पूजा समिति की महत्वपूर्ण बैठक अध्यक्ष राम बहादुर साह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पिछले वर्ष आयोजित दुर्गा पूजा का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही आगामी दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से नई पूजा समिति का गठन किया गया। इसमें राम बहादुर साह को अध्यक्ष, विवेक दत्ता को उपाध्यक्ष, उत्पल दत्ता को सचिव, राहुल भगत को महासचिव तथा चिन्मय लाहिड़ी भगत को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं उप प्रमुख रूपक साह को समिति का संरक्षक बनाया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन पिछले वर्ष की तुलना में और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित तरीके से किया जाएगा। पूजा आयोजन में बाजारवासियों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा सभी के सहयोग से कार्यक्रम को सफल बनाने पर जोर दिया गया।
समिति के सदस्यों ने कहा कि दुर्गा पूजा को लेकर आवश्यक तैयारियां अभी से शुरू की जाएंगी, ताकि पूजा कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं बेहतर तरीके से संपन्न कराया जा सके।



