पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने पर जोर
साहिबगंज। पेयजल आपूर्ति योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और आम लोगों तक शुद्ध पेयजल की सुविधा सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। कार्यालय प्रकोष्ठ में हुई बैठक में जल जीवन मिशन के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान बहुग्रामीण जलापूर्ति योजना, बल्क वाटर सप्लाई योजना और एकल ग्रामीण जलापूर्ति योजना सहित अन्य योजनाओं की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की गई। अधिकारियों से योजनावार कार्य प्रगति, लंबित कार्यों और क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली गई।
गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा हो काम:
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने योजनाओं की नियमित निगरानी पर विशेष जोर देते हुए लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को स्थल स्तर पर अनुश्रवण करते हुए कार्यों की गुणवत्ता पर भी नजर रखने को कहा।
लंबित कार्यों के शीघ्र निष्पादन पर जोर:
बैठक में योजनाओं के प्रभावी अनुश्रवण, कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन का जोर ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति योजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कर लोगों को पेयजल की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर रहा।
बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता शशि शेखर सिंह, संबंधित सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



