खाने का सामान लेने को लेकर दुकानदार से हुआ विवाद, घायल युवक अस्पताल से रेफर
साहिबगंज/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के सकरोगढ़ स्थित चैती दुर्गा मंदिर के समीप शनिवार की रात करीब 9:30 बजे दुकान पर खाने का सामान लेने को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक के साथ मारपीट और चाकूबाजी की घटना सामने आई। घटना में युवक की बाईं कलाई में चोट लगी। घायल को इलाज के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायल युवक की पहचान गुल्लीभट्ठा पांच मोड़ निवासी रामनाथ तांती के 28 वर्षीय पुत्र रजनीश कुमार तांती के रूप में हुई है। रजनीश के अनुसार, वह एक साथी के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान कुछ खाने के लिए चैती दुर्गा के समीप एक दुकान पर पहुंचा। खाने का सामान मांगने को लेकर दुकानदार और उसके बीच कहासुनी हो गई।
रजनीश का आरोप है कि विवाद के बाद दुकानदार ने उसके साथ धक्का-मुक्की की। कुछ देर बाद दुकानदार चाकू लेकर बाहर आया और उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी बाईं कलाई में गंभीर चोट लगी। घायल ने घटना की जानकारी पुलिस को भी दी है।
घटना के बाद साथियों ने घायल युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. अंकित कुमार ने उसका इलाज किया। रात करीब एक बजे बेहतर उपचार के लिए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इधर, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है।



