देवघर: रेलवे सुरक्षा बल के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को आरपीएफ पोस्ट जसीडीह के बैरक परिसर में योग और पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में आरपीएफ पोस्ट जसीडीह के सभी अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.
योग प्रशिक्षक ने जवानों को योग के महत्व और इससे होने वाले स्वास्थ्य लाभ की जानकारी दी. इसके बाद जवानों ने विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया.
योग से स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
योग कार्यक्रम के बाद “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत बैरक परिसर में फलदार और छायादार पौधे लगाए गये. पौधारोपण के बाद जवानों ने पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया. जवानों के स्वास्थ्य पर भी ध्यान जरूरी
आरपीएफ इंस्पेक्टर शिव शंकर सिंह ने कहा कि आरपीएफ का स्थापना दिवस जवानों के लिए अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर है. यात्रियों की सुरक्षा के साथ जवानों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना जरूरी है.
उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने से जवानों को तनाव कम करने और स्वस्थ रहने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण भी सभी की जिम्मेदारी है. इसी उद्देश्य से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधे लगाए गये हैं और उनकी देखभाल का संकल्प लिया गया है.
मौके पर एसआइ प्रदीप राव, संतोष कुमार समेत अन्य आरपीएफ अधिकारी और जवान मौजूद रहे.



