भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष मोहिबुल हक ने मोतिहारी में दावा किया है कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद ही देश के मुसलमान सही मायनों में आजाद हुए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में अल्पसंख्यक समाज के बच्चे बड़े पदों पर पहुंच रहे हैं।
मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। Mohibul Haq BJP Statement: वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद देश का मुसलमान सही मायनों में आजाद हुआ है। इसके पूर्व मुसलमान पूरी तरह से गुलाम थे।
यह बड़ा बयान भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष मोहिबुल हक ने मोतिहारी में दिया है।
पहले मुसलमानों को पिछड़ा रखा
मोहिबुल हक ने दावा करते हुए कहा कि पहले मुसलमानों के बच्चों को जानबूझकर मुख्यधारा से अलग रखा गया था।
उस दौर में उनके बच्चे सिर्फ पंचर बनाने, साइकिल की मरम्मत करने, पेंटर और डेंटर जैसे काम ही करते थे। लेकिन 2014 के बाद से इस पूरी तस्वीर में बड़ा बदलाव आया है।
अब बड़े पदों पर पहुंचे
वह पटना से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाने के बाद शनिवार को मोतिहारी पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री के कार्यकाल में अल्पसंख्यक समाज के बच्चे तरक्की कर रहे हैं।
अब इस समाज के युवा देश में सीओ, बीडीओ, डॉक्टर, आईएएस, आईपीएस और जज जैसे बड़े पदों पर आसीन हो रहे हैं।
सबका साथ सबका विकास
हक ने कहा कि केंद्र सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े अल्पसंख्यकों तक बिना किसी भेदभाव के पहुंच रहा है।
प्रधानमंत्री के सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र ने मुस्लिम समाज में तरक्की के नए द्वार खोले हैं।
रोजगार के अवसर बढ़े
उन्होंने आगे कहा कि इस विजन से मुस्लिम समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है और रोजगार के अनेक नए अवसर पैदा हुए हैं।
केंद्र सरकार की नीतियों के कारण ही आज अल्पसंख्यक समाज देश के विकास की मुख्यधारा में मजबूती से शामिल हो रहा है।



