रांची। टीएसपीसी सुप्रीमो बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता के विरुद्ध विभिन्न थानों में दर्ज मामलों का लंबा रिकॉर्ड है। पुलिस दस्तावेज के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, रंगदारी, लूट, आर्म्स एक्ट, यूएपीए और सीएलए एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके विरुद्ध सिमरिया, टंडवा, लावालौंग, पिपरवार, पत्थलगड्डा, गिद्धौर, सदर समेत अन्य थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज हैं। इन मामलों में हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण, रंगदारी, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट, यूएपीए और सीएलए एक्ट समेत विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं।दस्तावेज में दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं के अनुसार, ब्रजेश/बृजेश गंजू के नेतृत्व में लावालौंग के कोलकोले के बीच पुलिस गश्ती दल पर हमला कर हथियार लूटने और बीएमपी-6 के जवानों की हत्या का उल्लेख है।
इसके अलावा दो फरवरी 2025 को टंडवा थाना क्षेत्र के लेम्बुआ जंगल के पास भुवनेश्वर साव की हत्या का भी उल्लेख पुलिस रिकॉर्ड में है। उस पर पुलिस का मुखबिर होने और उग्रवादी मामले में गवाही देने का आरोप लगाया गया था। पुलिस दस्तावेज में वर्ष 2019 में पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के मेरनगड़ा में मनरेगा ठेकेदार नागेश्वर गंजू की हत्या और दो ग्रामीणों को गंभीर रूप से घायल करने की घटना का भी उल्लेख है। वर्ष 2017 में पिपरवार थाना क्षेत्र के करमाटांड़ में प्रदीप महतो की गोली मारकर हत्या, वर्ष 2014 में कटकमसांडी क्षेत्र में दो लोगों की हत्या तथा वर्ष 2012 में एंटरगंज क्षेत्र में विस्फोट कर घरों को क्षतिग्रस्त करने और ग्रामीणों के साथ मारपीट की घटना भी दस्तावेज में दर्ज है।
दस्तावेज में वर्ष 2024 और 2025 तक दर्ज मामलों का भी उल्लेख है। इनमें टंडवा थाना क्षेत्र के मामलों में रंगदारी, धमकी, मारपीट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित धाराएं शामिल हैं।
बृजेश गंझू के नाम 44 मामले दर्ज



