पोटका थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दो मोटरसाइकिलों की भीषण टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।
पोटका। पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत जुड़ी के समीप बुधवार सुबह करीब 11 बजे दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौत हो गई।
जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। हादसे में एक अन्य युवक को हल्की चोटें आईं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पास लेने के चक्कर में हुई जोरदार भिड़ंत
जानकारी के अनुसार, अमलाटोला पंचायत के वर्गीकोचा निवासी सलीन पुराण अपनी बाइक से हाता की ओर जा रहे थे। उसी समय कोवाली थाना क्षेत्र के चारडीहा निवासी राजकुमार सरदार अपने साथी तेंतला निवासी फनी भूषण सरदार के साथ बाइक पर सवार होकर तेज रफ्तार में पोटका की ओर आ रहे थे।
जुड़ी के पास ओवरटेक (पास) करने के प्रयास में दोनों बाइकों के बीच सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
इलाज के क्रम में तोड़ा दम, परिवार में मातम
सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल सलीन पुराण और राजकुमार सरदार को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया।
एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान सलीन पुराण की मौत हो गई, जबकि राजकुमार सरदार की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। फनी भूषण सरदार को प्राथमिक इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि मृतक सलीन पुराण का विवाह महज छह महीने पूर्व ही हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



