कटिहार जंक्शन पर आरपीएफ और रेल पुलिस ने नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस से तीन नाबालिग लड़कियों सहित चार संदिग्ध रोहिंग्या नागरिकों को गिरफ्तार किया।
कटिहार। कटिहार जंक्शन पर आरपीएफ ईस्ट पोस्ट और रेल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ट्रेन नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस से तीन नाबालिग लड़कियों समेत चार संदिग्ध विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक जांच में चारों के म्यांमार मूल के रोहिंग्या होने की बात सामने आई है। इनके पास भारत में प्रवेश अथवा रहने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
रेल एसपी हरि शंकर कुमार ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार 24 वर्षीय मोहम्मद नूर तीन नाबालिग लड़कियों को कामाख्या से नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस के माध्यम से आनंद विहार होते हुए जम्मू ले जा रहा था।
इसी दौरान कटिहार जंक्शन पर आरपीएफ और रेल पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर चारों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से एक मोबाइल फोन, 220 रुपये भारतीय मुद्रा और 1,090 टका बांग्लादेशी मुद्रा बरामद की गई।
इनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति मौका पाकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। आरपीएफ की एलएसआई सारिका कुमारी की शिकायत पर कटिहार रेल थाना में कांड दर्ज किया गया है।
रविवार को चारों को रेलवे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। रेलवे मजिस्ट्रेट गौरव ने गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि तीनों नाबालिग लड़कियों को नियमानुसार बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सुपुर्द कर दिया गया।
जम्मू ले जाने के उद्देश्य की जांच
रेल पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग लड़कियों को जम्मू ले जाने के पीछे क्या उद्देश्य था। साथ ही, मामले में किसी संगठित नेटवर्क की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस फरार साथी की तलाश के साथ पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं संदिग्ध
कटिहार रेल पुलिस के अनुसार इससे पूर्व भी यात्रा के दौरान आधे दर्जन से अधिक संदिग्ध रोहिंग्या नागरिकों को कटिहार स्टेशन पर पकड़ा जा चुका है। इन मामलों में न्यायालय में सुनवाई चल रही है। आरपीएफ और रेल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से रेल क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।



