20वीं झारखंड राज्य जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण के साथ समापन
साहिबगंज : संवाददाता। सकरीगली रेलवे ग्राउंड में 12 से 14 सितंबर तक आयोजित 20वीं झारखंड राज्य जूनियर बालक-बालिका कबड्डी प्रतियोगिता-2026 का सोमवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड की स्वीकृति एवं मार्गदर्शन तथा जिला कबड्डी एसोसिएशन सह आयोजन समिति के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के अंतिम दिन बालक एवं बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए।
एक अंक के अंतर से साहिबगंज को हराकर गढ़वा बना विजेता:
बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। गढ़वा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 40 अंक हासिल किए, जबकि साहिबगंज की टीम 39 अंक ही बना सकी। इस तरह गढ़वा ने एक अंक के मामूली अंतर से साहिबगंज को हराकर खिताब अपने नाम किया।
वहीं बालक वर्ग के फाइनल में बोकारो और कोडरमा के बीच मुकाबला हुआ। बोकारो ने शुरू से ही बेहतर प्रदर्शन करते हुए 47-33 के अंतर से कोडरमा को पराजित किया और चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
विजेता और उपविजेता टीमों को किया गया सम्मानित:
समापन समारोह में मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, जेएससीए सदस्य चंदेश्वर प्रसाद सिन्हा, फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के संथाल परगना क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आकाश पांडेय, कुश्ती संघ अध्यक्ष नमिता शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने शिरकत की। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर स्वागत किया गया।
अतिथियों ने बालक एवं बालिका वर्ग की विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन अक्टूबर में होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
40 बालक-बालिका टीमों ने लिया हिस्सा:
प्रतियोगिता में झारखंड के 22 जिलों की बालक टीम और 18 जिलों की बालिका टीम ने हिस्सा लिया। आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष नवनीत कुमार सोनू, सचिव लालू यादव, संरक्षक गोपाल यादव, उपसचिव उत्तम कुमार, अनुराग, जिला ओलंपिक संघ के सचिव माधव चंद्र घोष, रमाकांत मिश्र, कबड्डी संघ के संरक्षक बच्चू यादव, राज्य कबड्डी संघ के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर, राज्य ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष विपिन कुमार, संतोष यादव, हीरा यादव सहित अन्य मौजूद रहे। मंच संचालन भगवती रंजन पांडेय ने किया।



