धनबाद: कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान की गिरफ्तारी के बाद धनबाद पुलिस ने उसे शहर की सड़कों पर पैदल परेड करायी। पुलिस पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर उसे उसके ठिकाने की निशानदेही के लिए एक स्थान पर लेकर पहुंची थी। इसी दौरान गैंगस्टर फहीम खान के बेटे, दामाद और कुछ परिजनों ने बंटी खान के साथ मारपीट कर दी। उनका आरोप था कि प्रिंस खान और बंटी खान अपराधी नहीं, बल्कि आतंकवादी हैं और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। मौके पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति संभाली और बंटी खान को अपनी सुरक्षा में लेकर आगे की कार्रवाई पूरी की।
फर्जी पासपोर्ट से विदेश निकलने की थी तैयारी
पुलिस की जांच में पता चला है कि बंटी खान कथित तौर पर जाली पासपोर्ट के जरिए देश छोड़कर विदेश जाने की तैयारी में था। पुलिस के अनुसार उसका उद्देश्य विदेश में मौजूद अपने फरार भाई प्रिंस खान तक पहुंचना था। प्रिंस खान लंबे समय से धनबाद और आसपास के कारोबारियों को धमकी देने, लेवी मांगने और हत्या की धमकियों से जुड़े मामलों में पुलिस की निगरानी में है। वह सोशल मीडिया के माध्यम से कई बार पुलिस और अपने विरोधियों को चुनौती भी दे चुका है।
गुप्त सूचना पर कोलकाता से पकड़ा गया
धनबाद पुलिस को सूचना मिली थी कि बंटी खान जल्द ही विदेश भागने की कोशिश कर सकता है। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे धनबाद लाया गया। यहां पूछताछ के दौरान सामने आयी जानकारियों के आधार पर पुलिस उसे अलग-अलग जगहों पर लेकर गयी और निशानदेही की कार्रवाई की।
जेल से बाहर आने के बाद भी पुलिस की नजर
बंटी खान इसी साल जनवरी में जेल से रिहा हुआ था। लगभग चार साल जेल में रहने के बाद उसे विभिन्न मामलों में जमानत मिली थी। जेल से बाहर आने के बाद भी उसकी गतिविधियों पर पुलिस लगातार नजर रख रही थी। कुछ समय पहले उसे धनबाद जेल से मधुपुर जेल स्थानांतरित किया गया था। वहीं से जमानत मिलने के बाद उसकी रिहाई हुई थी।
नन्हें हत्याकांड समेत कई केसों में नाम
पुलिस के मुताबिक बंटी खान धनबाद के चर्चित नन्हें हत्याकांड सहित एक दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामलों में आरोपी रहा है। 24 नवंबर 2021 को नया बाजार निवासी महताब आलम उर्फ नन्हें की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस घटना की जिम्मेदारी प्रिंस खान ने खुद ली थी। इसके बाद पुलिस ने प्रिंस खान से जुड़े पूरे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए उसके सहयोगियों की तलाश शुरू कर दी थी।
यूपी के रेलवे स्टेशन से भी हुई थी गिरफ्तारी
मार्च 2022 में पुलिस ने बंटी खान को उसके दो साथियों के साथ उत्तर प्रदेश के एक रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था। इसके बाद वह लगातार जेल में रहा। इस अवधि में उसके खिलाफ कई अन्य मामले भी दर्ज हुए। बाद में अलग-अलग मामलों में क्रमश: जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आया।
रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी
पुलिस को उम्मीद है कि बंटी खान से पूछताछ के दौरान प्रिंस खान के नेटवर्क, लेवी वसूली, फर्जी दस्तावेजों की व्यवस्था और फरार आरोपियों की गतिविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अब पुलिस उसे रिमांड पर लेकर विस्तार से पूछताछ करने की तैयारी में है, ताकि पूरे नेटवर्क और कथित विदेश भागने की योजना से जुड़े पहलुओं का पता लगाया जा सके।



