किशनगंज में एक सिपाही ने अपनी पत्नी और ससुराल वालों पर ब्लैकमेलिंग, मारपीट और बंधक बनाने का आरोप लगाया है। सिपाही के अनुसार, फेसबुक पर दोस्ती के बाद शादी हुई और अब वे जमीन खरीदने के लिए दबाव बना रहे हैं।
, किशनगंज। किशनगंज में पदस्थापित एक सिपाही ने अपनी पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोगों पर ब्लैकमेलिंग, मारपीट कर बंधक बनाने, रुपये व जेवर छीनने तथा जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। सिपाही के आवेदन पर शुक्रवार को सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरा, भोजपुर निवासी सिपाही चंदन कुमार ने प्राथमिकी में बताया कि करीब चार वर्ष पहले फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान इस्लामपुर, उत्तर दिनाजपुर निवासी पिंकी रजक से हुई थी।
शादी करने अथवा 50 लाख रुपये देने का दबाव
आरोप है कि पिंकी ने अश्लील फोटो और वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल कर शादी करने अथवा 50 लाख रुपये देने का दबाव बनाया। धमकी से परेशान होकर उसने पिंकी से शादी कर ली। इसके बाद दोनों किशनगंज के डुमरिया भट्टा में किराये के मकान में रहने लगे।
सिपाही के अनुसार पिछले कुछ समय से पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोग इस्लामपुर में उसके नाम पांच कट्ठा जमीन खरीदकर रजिस्ट्री कराने का दबाव बना रहे थे। मांग पूरी नहीं करने पर नौकरी छीनने और परेशान करने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
कमरे में बंद कर मारपीट की
प्राथमिकी के मुताबिक सात सितंबर को विवाद के बाद पत्नी ने अपने पिता दिनेश रजक, मां शोभा देवी और भाइयों कन्हैया रजक व कुंदन रजक को किराये के मकान पर बुलाया। सिपाही का आरोप है कि सभी ने उसे कमरे में बंद कर मारपीट की।
अगले दिन उसके पर्स से 35 हजार रुपये, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, सर्विस आइकार्ड समेत अन्य कागजात निकाल लिए गए। गले से सोने की चेन और अंगूठी छीनने का भी आरोप लगाया गया है। सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



