हजारीबाग के बरकट्ठा स्थित सूर्यकुंड में 88 डिग्री सेल्सियस तक गर्म पानी निकलता है, जो धार्मिक मान्यताओं और पर्यटन का केंद्र है। भगवान राम से जुड़ी पौराणिक कथाओं और स्वास्थ्य लाभ की स्थानीय मान्यताओं के बावजूद, सुविधाओं के अभाव के कारण इसके विकास पर सवाल उठ रहे हैं।
डिजिटल डेस्क, हजारीबाग। सर्दियों में गर्म पानी का ख्याल आते ही राहत महसूस होती है, लेकिन अगर किसी जगह के पानी का तापमान 88 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचता हो, तो क्या आप वहां जाने की कल्पना करेंगे?
हजारीबाग के बरकट्ठा स्थित सूर्यकुंड में यही बात सबसे पहले लोगों का ध्यान खींचती है। यहां धरती से निकलता गर्म पानी वर्षों से लोगों के लिए उत्सुकता का विषय बना हुआ है और इसके साथ जुड़ी धार्मिक मान्यताएं इसे आस्था का केंद्र बनाती हैं।
हजारीबाग से करीब 72 किलोमीटर दूर जीटी रोड पर स्थित सूर्यकुंड में पांच कुंड हैं। जिला प्रशासन की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इनके नाम सूर्य कुंड, लक्ष्मण कुंड, ब्रह्म कुंड, राम कुंड और सीता कुंड हैं। यहां पानी का तापमान 169 से 190 डिग्री फारेनहाइट यानी करीब 76 से 88 डिग्री सेल्सियस तक बताया गया है। यहां दो गर्म झरनों के अलावा एक ठंडा झरना भी मौजूद है।



