राजमहल। प्रखंड क्षेत्र के डुमरी गांव के ग्रामीणों ने विवादित शिक्षक पंचानन मंडल के स्थानांतरण आदेश का अनुपालन कराने एवं उन्हें पूर्व विद्यालय में वापस नहीं रखने की मांग को लेकर उपायुक्त और जिला शिक्षा अधीक्षक को आवेदन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक के विरुद्ध विद्यालय में कथित अनियमितता और मध्याह्न भोजन योजना में गड़बड़ी की शिकायतें पूर्व में की गई थीं। शिकायत के बाद प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, राजमहल के आदेश से 3 अगस्त 2026 को उनका स्थानांतरण उच्च प्राथमिक विद्यालय डुमरी से उच्च मध्य विद्यालय कन्हैयास्थान किया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ दिनों तक कन्हैयास्थान जाने के बाद शिक्षक ने वहां जाना बंद कर दिया और पुनः डुमरी विद्यालय में पदस्थापन के लिए पत्राचार किया। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर स्थानांतरण आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराने की मांग की है।



