जनरल कोच में सो रहे यात्रियों की जेब से उड़ाए थे मोबाइल, तीनों फोन बरामद
बरहरवा। ब्रह्मपुत्र मेल के जनरल कोच में यात्रियों की जेब से तीन मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में बरहरवा आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलीम शेख उर्फ गोरा उर्फ छउची (25), निवासी मेंहेरुद्दीन मुंसिटोला, कलियाचक, मालदा (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि 8 सितंबर को ट्रेन संख्या 15657 ब्रह्मपुत्र मेल में दो सोए हुए यात्रियों की जेब से तीन मोबाइल चोरी होने की सूचना मिली थी। इसके बाद आरपीएफ बरहरवा की टीम ने जांच शुरू की।
गुप्त सूचना पर प्लेटफॉर्म से गिरफ्तारी:
9 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित टॉयलेट के समीप संदिग्ध अवस्था में बैठे युवक को आरपीएफ टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से सैमसंग, इनफिनिक्स और वीवो के तीन मोबाइल बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत 53,497 रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने जनरल कोच में यात्रियों की जेब से मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की। आरपीएफ ने आरोपी, बरामद मोबाइल और संबंधित दस्तावेज आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा को सौंप दिया।



