बेहतर इलाज और व्यवस्था से प्रभावित होकर सीखने आई तीन सदस्यीय टीम
साहिबगंज। संवाददाता। सदर अस्पताल स्थित विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) की बेहतर कार्यप्रणाली और सेवाओं का अध्ययन करने रविवार को पाकुड़ की तीन सदस्यीय टीम साहिबगंज पहुंची। पाकुड़ में आयोजित दिशा की बैठक में सांसद विजय हांसदा के निर्देश के बाद टीम ने एसएनसीयू एवं प्राइवेट मैटरनिटी वार्ड का निरीक्षण किया। टीम में जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार, वरीय अस्पताल प्रबंधक मिथुन दुबे और एसएनसीयू जीएनएम पूनम नम्रता मुर्मू शामिल रहीं।
500 ग्राम तक के नवजातों का हो रहा उपचार:

साहिबगंज एसएनसीयू में 12 बेड की क्षमता है, जबकि वर्तमान में 27 नवजात भर्ती हैं। इनमें छह बच्चों का वजन एक किलोग्राम से कम है। एसएनसीयू प्रभारी राजेश कुमार यादव ने बताया कि कम वजन वाले बच्चों को उपचार एवं विशेष निगरानी के बाद स्वस्थ कर घर भेजा जाता है।
साहिबगंज की व्यवस्था से प्रभावित हुई टीम:

पाकुड़ से आई टीम ने चिकित्सकों एवं कर्मियों से उपचार पद्धति, निगरानी और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि साहिबगंज की एसएनसीयू व्यवस्था बेहतर है और यहां से सीखकर पाकुड़ में सेवाओं को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने कहा कि चिकित्सकों और कर्मियों की मेहनत से एसएनसीयू में लोगों का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने बताया कि अन्य जिलों की टीमें भी यहां की कार्यप्रणाली का अध्ययन करने पहुंचेंगी।



