साहिबगंज। संवाददाता। खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड के निर्देश पर जिला खेल कार्यालय, साहिबगंज की ओर से सिदो-कान्हू स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस महोत्सव का समापन हुआ। महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं एवं साइकिलिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश “एक घंटा खेल के मैदान में” रहा, जिसके तहत प्रत्येक नागरिक को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को जिला पंचायती राज पदाधिकारी अनिल कुमार एवं सहायक प्रशाखा पदाधिकारी सह प्रधान सहायक चंद्र भूषण झा ने पुरस्कृत किया। इस दौरान राष्ट्रीय खेल दिवस की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों, साहिबगंज कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय बरहरवा सहित विभिन्न संस्थानों के खिलाड़ी शामिल हुए। आयोजन में जिला खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी, प्रशिक्षक योगेश यादव, कोच अशोक कुमार सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।



