साहिबगंज। संवाददाता। खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय के निर्देश पर जिले में स्वीकृत नवसृजित आवासीय बालक फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र के चयनित 25 प्रशिक्षु रविवार को शारीरिक मूल्यांकन के लिए रांची रवाना हुए। सभी प्रशिक्षुओं का एचपीसी सेंटर, मोरहाबादी, रांची में 31 अगस्त से 2 सितंबर तक शारीरिक परीक्षण किया जाएगा। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले में आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र के संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा।
प्रशिक्षुओं को आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षक योगेश यादव के नेतृत्व में बस से रांची भेजा गया। इस केंद्र के शुरू होने से संथाल परगना के ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी फुटबॉल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने का अवसर मिलने की उम्मीद है।
रवानगी से पूर्व उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार, जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष राजेश यादव, खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी एवं खेल शिक्षक वीरेंद्र साह सहित फुटबॉल प्रेमियों ने प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं दीं।



