गांव-गांव बैठक कर लोगों से 7 सितंबर के धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील
बरहेट/साहिबगंज। संवाददाता। MMDR संशोधन विधेयक के विरोध में आगामी 7 सितंबर को बरहेट प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए झामुमो प्रखंड समिति की ओर से जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हिरणपुर, भोगनाडीह और तलबड़िया पंचायत के विभिन्न गांवों में बैठकें आयोजित कर लोगों को विधेयक के संबंध में जानकारी दी गई।
गांव-गांव पहुंचकर आंदोलन से जुड़ने का आह्वान:
झामुमो नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से बातचीत कर विधेयक को लेकर पार्टी का पक्ष रखा तथा अधिक से अधिक संख्या में 7 सितंबर को प्रखंड कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। अभियान के दौरान पर्यवेक्षक शमीम अंसारी, गुंजन सिंघानिया, सुनिराम हांसदा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सिमड़ा और बोडबांध में भी हुई बैठक:
पंचायत सिमड़ा के बारी टोला और बोडबांध पंचायत के श्रीरामपुर गांव में भी जनजागरण कार्यक्रम हुआ। प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख बर्नार्ड मरांडी एवं प्रखंड सचिव मुजिबुर रहमान के नेतृत्व में ग्रामीणों से आंदोलन में भाग लेने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में पंचायत पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।



