बरहरवा/साहिबगंज। संवाददाता। बरहरवा थाना क्षेत्र के काहरपाड़ा में शनिवार की सुबह एक युवक का फंदे से लटका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान काहरपाड़ा निवासी शाहबाज शेख (19), पिता जोहरुल शेख के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शाहबाज पिछले कई वर्षों से एक निजी कंपनी में बड़े वाहनों की देखभाल का काम करता था। काम के सिलसिले में वह घटनास्थल के समीप ही रात में सोता था। शुक्रवार रात भी वह वहीं मौजूद था। शनिवार सुबह एक महिला फूल तोड़ने पहुंची, जहां उसकी नजर फंदे से लटके शाहबाज के शव पर पड़ी। महिला ने आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
सूचना पर बरहरवा थाना एसआई सुदामा सिंह एवं एसएसआई अविनाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। शाहबाज दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



