गोवा जाने से एक दिन पहले बुझ गया घर का चिराग, विषहरी पूजा देखकर लौट रहे थे तीनों
बोरियो। संवाददाता। बोरियो थाना क्षेत्र के बोरियो संथाली मोरंग नदी स्थित बड़ा पुल के समीप शुक्रवार की देर रात सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान मंगला केवट (30), पिता गणेश केवट, निवासी धोबी टोला, बोरियो बाजार के रूप में हुई है। घायलों में सोनू रजक (25) और छोटका रजक (32) शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार तीनों युवक बाइक से छोटा पुल के समीप विषहरी गान देखने के बाद बड़ा पुल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही बोरियो थाना के एसआई दूधनाथ सिंह मौके पर पहुंचे और तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने मंगला केवट को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल साहिबगंज रेफर कर दिया।
गोवा लौटने वाला था मंगला, एक दिन पहले ही हादसे ने छीन ली जिंदगी:

मंगला केवट गोवा में मजदूरी करता था और विषहरी पूजा के लिए घर आया था। वह दो भाइयों में छोटा और अविवाहित था। शनिवार को गोवा लौटने के लिए उसका टिकट भी कंफर्म था, लेकिन घर से वापसी के एक दिन पहले ही हादसे में उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव:

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।



